चोरी की बाइकें काटकर बेचने वाले गिरोह का बड़ा खुलासा, दो गिरफ्तार

1 min read

20 से अधिक बाइक चोरी करने का दावा, तीन बाइकें और भारी मात्रा में कटे पुर्जे बरामद; तमंचा-कारतूस भी मिले

फर्रुखाबाद। कादरीगेट थाना पुलिस और एसओजी टीम ने मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें काटकर पुर्जे बेचने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई का दावा किया है। संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें, बड़ी संख्या में कटे हुए बाइक पार्ट्स, बाइक काटने के उपकरण तथा अवैध असलहा-कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार पूछताछ में मुख्य आरोपी ने करीब 20 मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में अवनीश कुमार उर्फ आयुष पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी ग्राम चिर्रा, थाना बिछवा, जनपद मैनपुरी तथा मो. कासिम पुत्र सफीउल्लाह निवासी खेड़ा, कस्बा शाहाबाद, थाना शाहाबाद, जनपद हरदोई, हाल पता अमेठी कोहना, थाना कादरीगेट, फर्रुखाबाद शामिल हैं।

बाइक चोरी के बाद सीधे बेचने के बजाय काटकर करते थे ठिकाने

पुलिस के अनुसार पूछताछ में अवनीश कुमार उर्फ आयुष ने बताया कि वह मोटरसाइकिल चोरी कर पहले उन्हें सीधे बेचता था। बाद में पुलिस की पकड़ से बचने के लिए चोरी की बाइकों को अलग-अलग पुर्जों में काटकर बेचने का तरीका अपनाया। पुलिस का दावा है कि चोरी की मोटरसाइकिलों को पांचालघाट स्थित आश्रम पर ले जाकर औजारों की मदद से काटा जाता था और उनके अलग-अलग पार्ट्स कबाड़ियों को बेच दिए जाते थे।

पुलिस के मुताबिक चोरी किए गए बाइक पार्ट्स चांदपुर निवासी मो. कासिम को बेचे जाते थे। पूछताछ में कासिम ने रुपये के लालच में चोरी का सामान खरीदने की बात स्वीकार की है।

बरामद सामान देखकर पुलिस भी रह गई हैरान

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 12 मोटरसाइकिल चेसिस, 11 शॉक रॉड, छह शॉकर, 12 साइलेंसर, 26 मोटरसाइकिल रिम, तीन रिम मय टायर, 22 मोटरसाइकिल टायर, 12 पेट्रोल टैंक और नौ नंबर प्लेट बरामद करने की जानकारी दी है। इसके अलावा आठ ट्यूब तथा अन्य छोटे-बड़े बाइक कलपुर्जे भी बरामद हुए हैं।

बाइक काटने के लिए इस्तेमाल होने वाला ग्राइंडर, पाना, बोल्ट खोलने वाली चाबियां, पेचकस, कटर, हथौड़ी और अन्य उपकरण भी पुलिस के हाथ लगे हैं। बरामद सामान से अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरी की बाइकों को काटकर उनके पार्ट्स अलग-अलग करके बेचने का काम किया जा रहा था।

बाइक के पुर्जों के साथ तमंचा और कारतूस भी बरामद

पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, 12 जिंदा कारतूस 315 बोर और दो जिंदा कारतूस मिस 315 बोर भी बरामद किए गए हैं। इसके साथ एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और ई-रिक्शा भी बरामद होने की बात पुलिस ने बताई है।

तीन चोरी की बाइकें भी बरामद

संयुक्त टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की तीन मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। पुलिस अब बरामद वाहनों और पुर्जों के संबंध में अन्य मुकदमों की जानकारी जुटाने तथा गिरोह से जुड़े दूसरे लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

कादरीगेट पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। कादरीगेट थाना पुलिस टीम का नेतृत्व उपनिरीक्षक कपिल कुमार, थानाध्यक्ष कादरीगेट ने किया। वहीं उपनिरीक्षक संत कुमार, प्रभारी एसओजी अपनी टीम के साथ कार्रवाई में शामिल रहे।

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर मु0अ0सं0 217/2026, धारा 317(2), 317(4), 317(5), 238 बीएनएस तथा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की मोटरसाइकिलों को कहां-कहां से निशाना बनाया गया और इस नेटवर्क में इनके अलावा और कौन लोग शामिल हैं।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours