तिजोरी की चाबी छीनी, 55 हजार नकद और 6.50 लाख के जेवर लेकर फरार—एक संदिग्ध हिरासत में
नवाबगंज/फर्रुखाबाद नवाबगंज थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर सिरौली गांव में शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब घर में अकेली मौजूद नवविवाहिता से कथित तौर पर तमंचे के बल पर लाखों रुपये की लूट की वारदात सामने आई। पीड़िता के मुताबिक, दो युवक घर में घुसे और मारपीट करते हुए तमंचा दिखाकर तिजोरी की चाबी छीन ली। इसके बाद तिजोरी में रखी नकदी और जेवरात लेकर दोनों मौके से फरार हो गए।
पीड़िता भावना पत्नी गोविंद ने पुलिस को बताया कि सोमवार शाम करीब सात बजे उसके पति किसी काम से शहर गए हुए थे। इसी दौरान दो अज्ञात युवक घर में दाखिल हुए। आरोप है कि युवकों ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर तमंचा दिखाकर तिजोरी की चाबी अपने कब्जे में ले ली।
तिजोरी खुली तो उड़ गए होश
पीड़िता के अनुसार, आरोपितों ने तिजोरी खोलकर उसमें रखे करीब 55 हजार रुपये नकद तथा लगभग 6.50 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात निकाल लिए। करीब 7.05 लाख रुपये की नकदी व जेवरात समेटने के बाद दोनों युवक वहां से फरार हो गए। घटना के बाद भयभीत नवविवाहिता ने अपने पति को जानकारी दी।
पति के रात करीब आठ बजे घर पहुंचने पर डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजीव कुमार पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की।
एक संदिग्ध पुलिस की हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की छानबीन तेज कर दी। मोहम्मदाबाद के सीओ आलोक कुमार के मुताबिक, लूट की सूचना पर पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना के पीछे की वास्तविकता, वारदात में शामिल अन्य लोगों और लूटे गए माल के संबंध में सुराग जुटाने में लगी है।
फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। वारदात से गांव में भी दहशत का माहौल है।


+ There are no comments
Add yours