फर्रुखाबाद/ आगामी त्योहारों को लेकर फर्रुखाबाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों की सक्रियता से पुलिस की सतर्कता साफ नजर आई।
अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर अभय वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर पैदल भ्रमण किया। इस दौरान कोतवाली फर्रुखाबाद प्रभारी धर्मेंद्र सिंह गहलोत तथा मऊदरवाजा प्रभारी अजब सिंह भी पुलिस टीमों के साथ मौजूद रहे।
पुलिस टीम ने थाना मऊदरवाजा क्षेत्र से लाल दरवाजा फव्वारे तक सहित शहर के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों का जायजा लिया। अधिकारियों ने रास्ते में दुकानदारों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।
संदिग्धों और वाहनों पर रही पुलिस की पैनी नजर
गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों तथा संवेदनशील स्थानों पर तैनात पुलिसकर्मियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के लिए कहा गया।
अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि त्योहारों के दौरान किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सूचना मिलने पर उसे आगे प्रसारित करने के बजाय पुलिस को अवगत कराएं।
माहौल बिगाड़ने वालों को चेतावनी
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। माहौल खराब करने, अफवाह फैलाने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वाले तत्वों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस की पैदल गश्त और निगरानी लगातार जारी रहेगी। शहर में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी का उद्देश्य किसी भी अप्रिय स्थिति को समय रहते रोकना और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।


+ There are no comments
Add yours