प्रेमिका से शादी की जिद में टावर पर चढ़ा आशिक, चार घंटे तक मचा हाईवोल्टेज ड्रामा!

1 min read

कूदने की धमकी से गांव में मची अफरा-तफरी, प्रेमिका के पहुंचते ही नीचे उतरा युवक

शमसाबाद/फर्रुखाबाद। प्रेम प्रसंग में शादी की जिद को लेकर शमसाबाद क्षेत्र के अमलैया आशानंद गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक मोबाइल टावर पर जा चढ़ा। करीब चार घंटे तक युवक टावर के ऊपर से अपनी प्रेमिका से शादी कराने की मांग करता रहा और नीचे उतरने से इनकार करता रहा। उसके इस कदम से ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।

बताया गया कि मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के आवाजपुर निवासी युवक ई-रिक्शा चलाता है। सोमवार दोपहर करीब एक बजे वह अपना ई-रिक्शा गांव के बाहर खड़ा करने के बाद अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचने लगे। देखते ही देखते वहां बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।

युवक टावर के ऊपर से लगातार फोन पर किसी से बातचीत करता रहा। इस दौरान वह अपनी प्रेमिका से शादी कराने की मांग पर अड़ा रहा। युवक का कहना था कि वह पिछले करीब दो वर्षों से एक युवती से प्रेम करता है और उससे शादी करना चाहता है। आरोप लगाया कि युवती के परिजन इस रिश्ते के विरोध में हैं और उसे मारपीट की धमकी दी जा रही है। युवक ने यह भी आरोप लगाया कि युवती का मोबाइल फोन उसके परिजनों ने अपने कब्जे में ले लिया है।

पुलिस के समझाने पर भी नहीं माना

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को काफी देर तक समझाने का प्रयास किया। पुलिस और ग्रामीणों ने उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए कहा, लेकिन युवक अपनी मांग पर अड़ा रहा। करीब चार घंटे तक चले इस घटनाक्रम के चलते मौके पर तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

आखिरकार युवक की प्रेमिका को मौके पर बुलाया गया। प्रेमिका के पहुंचने के बाद युवक शांत हुआ और टावर से नीचे उतरने को तैयार हो गया। पुलिस ने युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद राहत की सांस ली।

युवक को थाने ले गई पुलिस

पुलिस युवक को अपने साथ थाने ले गई। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों से जानकारी जुटाकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, टावर पर युवक के चढ़ने की घटना को लेकर काफी देर तक गांव में चर्चा होती रही।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours