यूपी में अप्रैल-जुलाई के बीच होंगे पंचायत चुनावः मंत्री ओपी राजभर बोले- बैलेट पेपर जिलों में पहुंचे, 28 फरवरी को आएगी वोटर लिस्ट
यूपी में पंचायत चुनाव को लेकर मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने मंगलवार को बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा-यूपी सरकार ने पंचायत चुनाव कराने की तैयारी पूरी कर ली है। चुनाव निर्धारित समय पर कराए जाएंगे।
राजभर योगी सरकार में पंचायती राज मंत्री हैं। मंगलवार को वे वाराणसी में थे। उन्होंने पंचायत चुनाव 2027 के विधानसभा चुनाव के साथ होने की अटकलों पर विराम लगा दिया है। उन्होंने कहा-
” पंचायत चुनाव विधानसभा चुनाव से पहले होंगे। इसके लिए मतपत्र (बैलेट पेपर) छपकर सभी जिलों में पहुंच चुके हैं। जिला निर्वाचन अधिकारियों ने होमवर्क शुरू कर दिया है।
अप्रैल से जुलाई के बीच होंगे चुनाव
ओपी राजभर ने कहा- विधानसभा चुनाव से पहले ही पंचायत चुनाव होंगे। हालांकि अभी सटीक तारीखों का ऐलान करने से बचते रहे। बोले- अप्रैल से जुलाई 2026 के बीच पंचायत चुनाव की पूरी प्रक्रिया संपन्न कर ली जाएगी।
पहले चरण में ग्राम प्रधान, बीडीसी (क्षेत्र पंचायत सदस्य) और जिला पंचायत सदस्यों के लिए वोट डाले जाएंगे। इसके बाद ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत अध्यक्ष के अप्रत्यक्ष चुनाव होंगे। इसके लिए जिले तैयार हैं और बैलेट पेपर जिलों में पहुंचा दिए गए हैं। उनका नोटफिकेशन जल्द किया जाएगा।


+ There are no comments
Add yours