फर्रुखाबाद में प्रदेश महामंत्री शंकरलाल लोधी ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश, पार्टी के इतिहास-विचारधारा की जानकारी रखने पर दिया जोर
फर्रुखाबाद/ विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर भाजपा ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं क्षेत्रीय प्रभारी शंकरलाल लोधी तथा नवनियुक्त जिला संगठन प्रभारी नरेंद्र सिंह राजपूत फर्रुखाबाद के एक दिवसीय प्रवास पर पहुंचे। जिला मुख्यालय में जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित संगठनात्मक बैठक में पार्टी की आगामी रणनीति, संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ विस्तार से मंथन किया गया। बैठकों का दौर देर शाम करीब सात बजे तक चलता रहा।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री शंकरलाल लोधी ने कहा कि भाजपा विचारधारा और कार्यकर्ताओं के आधार पर खड़ा संगठन है। उन्होंने कहा कि जिन कार्यकर्ताओं को नए दायित्व मिले हैं, उनके लिए पार्टी के इतिहास, विचारधारा और विकासक्रम की जानकारी होना बेहद जरूरी है। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान का उल्लेख करते हुए जनसंघ से भारतीय जनता पार्टी तक के संगठनात्मक सफर की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि समय के साथ संगठन में परिवर्तन होता रहता है और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां भी उनकी भूमिका के अनुसार तय की जाती हैं। नए दायित्वों का उद्देश्य संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाना है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में बूथ से लेकर विधानसभा और लोकसभा स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रदेश महामंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव संगठन के सामने महत्वपूर्ण चुनौती है। ऐसे में प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने दायित्व को गंभीरता से निभाते हुए पार्टी के अभियानों और कार्यक्रमों को सफल बनाने में जुटना होगा। उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।
बूथ मजबूत तो संगठन मजबूत—257 शक्ति केंद्रों पर निगाह
नवनियुक्त जिला संगठन प्रभारी नरेंद्र सिंह राजपूत ने कहा कि भाजपा सरकारों ने अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि और काशी विश्वनाथ धाम सहित देश की सांस्कृतिक एवं धार्मिक धरोहरों के संरक्षण और विकास की दिशा में कार्य किया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में वर्ष 2017 के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार द्वारा कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में किए गए कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने संगठन की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में 1,612 बूथ और 257 शक्ति केंद्र गठित किए जा चुके हैं। सभी बूथों और शक्ति केंद्रों के सत्यापन का कार्य भी पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, अनुसूचित मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा, किसान मोर्चा और पिछड़ा मोर्चा के गठन की प्रक्रिया प्रदेश नेतृत्व की स्वीकृति के बाद जल्द पूरी की जाएगी। इन मोर्चों में नए कार्यकर्ताओं को भी संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश नेतृत्व ने प्रमोद अग्रहरि को अमृतपुर एवं कायमगंज विधानसभा तथा प्रशांत राय चौबे को सदर एवं भोजपुर विधानसभा का प्रवासी नियुक्त किया है।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री गोपाल राठौर ने किया। इस दौरान क्षेत्रीय मंत्री धीरेंद्र वर्मा, जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित, जिला महामंत्री मंशू गुप्ता, क्षेत्रीय कार्यसमिति सदस्य कुलदीप दुबे, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ प्रदेश सह-संयोजक वीरेंद्र सिंह राठौर, जिला उपाध्यक्ष अभिषेक बाथम, वीरेंद्र कठेरिया, रश्मि दुबे, संदेश राजपूत, जिला मंत्री प्रतिभा राजपूत, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


+ There are no comments
Add yours