ट्रैफिक पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहे बेलगाम युवक! एक बाइक पर 6 सवार, कानून को खुलेआम चुनौती — वायरल वीडियो ने खोली व्यवस्था की पोल

1 min read

फर्रुखाबाद/ जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार अभियान चलाए जाने और नियमों का पालन कराने के दावों के बीच एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कमालगंज थाना क्षेत्र में एक मोटरसाइकिल पर छह युवकों के सवार होकर सड़क पर फर्राटा भरने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसमें दिखाई दे रही लापरवाही ने लोगों को हैरान कर दिया है।

बताया जा रहा है कि यह घटना शाम कमालगंज रेलवे स्टेशन क्रॉसिंग के पास की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छह युवक एक ही बाइक पर सवार होकर कमालगंज से दरियावगंज मार्ग की ओर एक ईंट-भट्ठे की दिशा में जा रहे थे। रास्ते में किसी ने उनका वीडियो बनाना शुरू किया तो युवकों को इसकी भनक लग गई। इसके बाद उन्होंने करीब आधा किलोमीटर आगे जाकर दो युवकों को बाइक से उतार दिया, लेकिन तब तक उनका कारनामा कैमरे में कैद हो चुका था।

वायरल वीडियो में साफ दिखाई देता है कि बाइक पर क्षमता से कई गुना अधिक लोग बैठे हुए हैं। एक युवक पीछे बैठे साथी को गिरने से बचाने के लिए उसे मजबूती से पकड़े हुए है। थोड़ी सी चूक किसी बड़े हादसे में बदल सकती थी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बाइक पर सवार सभी युवक कमालगंज कस्बे के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इनमें कुछ छात्र हैं, जबकि कुछ स्थानीय दुकानों पर काम करते हैं। लेकिन जिस तरह से इन्होंने अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालकर सड़क पर सफर किया, उसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया।

गौरतलब है कि फर्रुखाबाद में सड़क दुर्घटनाओं में लगातार लोगों की जान जा रही है। यातायात पुलिस और एआरटीओ विभाग समय-समय पर हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने और अन्य नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान चलाते हैं। इसके बावजूद ऐसे दृश्य सामने आना यह सवाल खड़ा करता है कि आखिर सड़क पर खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर प्रभावी निगरानी क्यों नहीं हो पा रही है।

यह घटना केवल नियमों के उल्लंघन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ट्रैफिक व्यवस्था और कानून के प्रति लापरवाही का भी उदाहरण है। लोगों का कहना है कि यदि ऐसे वाहनों पर समय रहते कार्रवाई हो तो कई बड़े हादसों को रोका जा सकता है।

मामले में यातायात प्रभारी का कहना है कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है। वीडियो की जांच कर बाइक और युवकों की पहचान की जाएगी तथा मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सवाल यह भी है कि जब शहर और कस्बों में लगातार चेकिंग अभियान चलाए जाने के दावे किए जा रहे हैं, तब एक बाइक पर छह युवक कई सौ मीटर तक बेखौफ कैसे निकल गए? क्या ट्रैफिक पुलिस की नजर से यह सब ओझल रहा, या फिर नियम तोड़ने वालों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि उन्हें कार्रवाई का कोई डर नहीं रहा?

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours