एक माह पहले खरीदी थी बाइक, पंचर बनवाने निकला था कृष्णा; हादसे के बाद सड़क पर लगा लंबा जाम, परिजनों में मचा कोहराम
फर्रुखाबाद/ जनपद के कादरी गेट थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह तेज रफ्तार रोडवेज बस और बाइक की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में 19 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद बाइक सवार युवक कई मीटर तक सड़क पर घिसटता चला गया और बस का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई तथा सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
मृतक की पहचान कमालगंज थाना क्षेत्र के रजीपुर निवासी कृष्णा के रूप में हुई है। वह पिछले दो माह से फर्रुखाबाद शहर के चांदपुर मोहल्ले में अपने मौसा सुरजीत के यहां रहकर एक कोल्ड ड्रिंक एजेंसी में काम कर रहा था। करीब एक माह पहले ही उसके पिता लालू, जो ई-रिक्शा चालक हैं, तथा मां सोनी भी शहर आकर रहने लगे थे। कृष्णा अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था और उसने मेहनत की कमाई से महज एक माह पहले ही किस्तों पर नई बाइक खरीदी थी।
परिजनों ने बताया कि बुधवार सुबह करीब नौ बजे कृष्णा बाइक का पंचर बनवाने के लिए घर से निकला था। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजन उसकी तलाश कर ही रहे थे कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर सड़क पर खून फैला हुआ था और कृष्णा गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसे तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रोडवेज बस तेज रफ्तार में थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना पर पहुंची कादरी गेट थाना पुलिस ने यातायात को सुचारु कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बस बदायूं डिपो की थी, जो बदायूं से फर्रुखाबाद रोडवेज बस स्टैंड की ओर आ रही थी। थाना प्रभारी कपिल चौधरी ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों से तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बेलगाम रफ्तार पर उठे सवाल
लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के बीच एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई रोडवेज बस चालक निर्धारित गति सीमा की अनदेखी कर तेज गति से बसें चलाते हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि रोडवेज बसों की गति पर सख्ती से निगरानी रखी जाए, दोषी चालक के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।


+ There are no comments
Add yours