मोदी के बाद योगी संभालें देश की कमान’ : फर्रुखाबाद पहुंचे गोल्डन बाबा का बड़ा बयान, राम मंदिर चोरी को बताया महापाप

1 min read

पांचाल घाट स्थित दुर्वासा ऋषि आश्रम में बोले गोल्डन बाबा, सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार को बताया अपनी यात्रा का उद्देश्य

फर्रुखाबाद।
जनपद के पवित्र पांचाल घाट स्थित दुर्वासा ऋषि आश्रम में पहुंचे चर्चित गोल्डन बाबा ने मीडिया से बातचीत के दौरान कई अहम और चर्चित बयान दिए। सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए देशभर की यात्रा पर निकले गोल्डन बाबा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को देश का प्रधानमंत्री बनना चाहिए। उनका कहना था कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश नई दिशा में आगे बढ़ेगा और सनातन संस्कृति को और अधिक मजबूती मिलेगी।
गोल्डन बाबा अपने विशेष पहनावे और आभूषणों को लेकर भी चर्चा में रहे। उन्होंने चांदी का एक मुकुट धारण कर रखा था, जिस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का चित्र और “भावी प्रधानमंत्री” लिखा हुआ था। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के कठिन दौर में योगी आदित्यनाथ ने जिस प्रकार जनता की सेवा और व्यवस्था संभाली, वह उनके नेतृत्व क्षमता का प्रमाण है।
उन्होंने बताया कि 4 फरवरी 2024 से शुरू हुई अपनी सनातन यात्रा के दौरान उन्होंने एक महत्वपूर्ण संकल्प लिया है। पहले वे लगभग चार किलोग्राम वजनी चांदी के जूते पहनते थे, लेकिन अब उन्होंने उनका त्याग कर दिया है और इसे अपनी ‘भीष्म प्रतिज्ञा’ बताया। वहीं, शरीर पर भारी मात्रा में सोना धारण करने को लेकर उन्होंने कहा कि वह क्षत्रिय समाज से आते हैं और यह उनकी पारंपरिक पहचान का हिस्सा है।
अयोध्या में श्रीराम मंदिर के निर्माण का उल्लेख करते हुए गोल्डन बाबा ने कहा कि यह केवल किसी संस्था या न्यायालय का निर्णय नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम की दिव्य इच्छा का परिणाम है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तुलना भगवान हनुमान से करते हुए कहा कि यदि भविष्य में उन्हें देश का प्रधानमंत्री बनने का अवसर मिलता है तो भारत सनातन मूल्यों को और अधिक मजबूती से अपनाएगा तथा गौमाता के सम्मान में महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं।
हाल ही में अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर परिसर में हुई चोरी की घटना पर उन्होंने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने इसे “महापाप” और “जघन्य अपराध” बताते हुए कहा कि इस घटना से करोड़ों श्रद्धालुओं और संत समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसे कृत्य करने वालों को उनके कर्मों का दंड अवश्य मिलेगा।
गोल्डन बाबा के इन बयानों के बाद फर्रुखाबाद में उनकी यात्रा और विचारों को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। उनके बयान राजनीतिक और धार्मिक दोनों दृष्टि से चर्चा का विषय बने हुए हैं।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours