लगातार ज्ञापन, जनसुनवाई और जनप्रतिनिधियों से संवाद का मिला परिणाम, नरैनामऊ रेलवे अंडरपास तक सड़क निर्माण की प्रक्रिया तेज
फर्रुखाबाद/ लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ी ग्राम जौरा–कायमगंज संपर्क मार्ग को लेकर ग्रामीणों के लगातार संघर्ष और जनप्रतिनिधियों के सहयोग का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। वर्षों से बदहाल इस मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए किए गए निरंतर प्रयास अब रंग लाने लगे हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोनिका यादव की संस्तुति पर जिला पंचायत के जूनियर इंजीनियर (JE) द्वारा कायमगंज–कटिया संपर्क मार्ग से नरैनामऊ रेलवे अंडरपास तक सड़क का सर्वे कार्य शुरू करा दिया गया है, जिससे क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
ग्रामीणों की ओर से सबसे पहले सड़क की दुर्दशा को लेकर जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि कायमगंज से जौरा एवं कटिया जाने वाला मार्ग कई वर्षों से बेहद खराब स्थिति में है। इस सड़क से लगभग 20 से 30 गांवों के हजारों लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं। किसान अपनी फसल मंडी तक इसी मार्ग से ले जाते हैं, जबकि व्यापारिक प्रतिष्ठानों और स्कूली बच्चों के लिए भी यही मुख्य संपर्क मार्ग है। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती थीं।
जनसुनवाई के बाद लोक निर्माण विभाग ने शिकायत का परीक्षण करते हुए मार्ग के चौड़ीकरण एवं पुनर्निर्माण का प्रस्ताव उच्च अधिकारियों को भेजा और बताया कि वित्तीय स्वीकृति मिलने पर कार्य कराया जाएगा।
इसके बाद क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता एवं भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष अभिषेक दीक्षित ने 20 जून 2025 को जिला पंचायत अध्यक्ष को विस्तृत ज्ञापन सौंपकर सड़क की गंभीर स्थिति से अवगत कराया। ज्ञापन में बताया गया कि कायमगंज–कटिया मार्ग से नरैनामऊ, होतेपुर, सोतेपुर, नगरिया सहित करीब 20 प्रमुख गांव जुड़े हुए हैं। वर्ष 2015-16 में बनी यह सड़क अब पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जनहित में लगभग 400 से 500 मीटर सड़क के पुनर्निर्माण की मांग की थी।
ग्रामीणों के लगातार प्रयास, जनसुनवाई में उठाई गई मांग तथा क्षेत्र के सम्मानित लोगों के सहयोग के बाद अब जिला पंचायत स्तर पर सड़क निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोनिका यादव की संस्तुति पर जेई द्वारा मौके का सर्वे कर लिया गया है। सर्वे पूरा होने के बाद प्रस्ताव तैयार कर आगे की स्वीकृति मिलने पर सड़क निर्माण का कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यदि सड़क का निर्माण शीघ्र शुरू हो जाता है तो हजारों लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी, किसानों को अपनी उपज मंडी तक पहुंचाने में राहत मिलेगी और दुर्घटनाओं पर भी काफी हद तक अंकुश लगेगा। क्षेत्रवासियों ने इस जनहित कार्य के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष, संबंधित अधिकारियों तथा सभी सहयोग करने वाले सम्मानित नागरिकों का आभार व्यक्त किया।


+ There are no comments
Add yours