फर्रुखाबाद/ शहर के मोहल्ला नरकसा निवासी 32 वर्षीय युवक की लखनऊ में उपचार के दौरान मौत होने के बाद रविवार को उसके घर पर माहौल गमगीन होने के साथ-साथ तनावपूर्ण भी हो गया। शव घर पहुंचते ही परिजनों ने युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए उसके साथ गए दोस्तों पर हत्या का आरोप लगा दिया और कार्रवाई की मांग करते हुए अंतिम संस्कार करने से साफ इनकार कर दिया। कई घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के समझाने पर परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला नरकसा निवासी रोहित कुशवाहा छह जुलाई को अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से हरदोई गया था। पुलिस के अनुसार उसी दौरान वह एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन उसे पहले कानपुर और बाद में बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ले गए, जहां कई दिनों तक उपचार चलने के बाद शनिवार रात उसकी मौत हो गई।
जब रोहित का शव उसके घर पहुंचा तो परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क हादसे की कहानी झूठी है और रोहित की उसके साथ गए दोस्तों ने मारपीट कर हत्या की है। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए बिना अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया, जिससे मौके पर भारी भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही कादरी गेट थाना प्रभारी कपिल चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। इस दौरान समाजवादी पार्टी के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी डॉ. नवल किशोर शाक्य तथा फर्रुखाबाद विकास मंच के जिलाध्यक्ष भईयन मिश्रा भी मौके पर पहुंचे और परिवार को शांत कराने का प्रयास किया।
थाना प्रभारी कपिल चौधरी ने परिजनों को आश्वस्त किया कि घटना हरदोई जनपद की होने के बावजूद फर्रुखाबाद पुलिस जांच में हर संभव सहयोग करेगी और यदि किसी प्रकार के आपराधिक तथ्य सामने आते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
करीब तीन घंटे तक चले हंगामे और वार्ता के बाद परिजन पुलिस के आश्वासन पर मान गए। इसके बाद रविवार शाम लगभग चार बजे रोहित का अंतिम संस्कार कर दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। युवक की मौत और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं।


+ There are no comments
Add yours