मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय को ध्वस्तीकरण से बचाने की मांग, समाजवादी अल्पसंख्यक सभा ने बदायूं DM को सौंपा ज्ञापन

1 min read

बदायूं, 27 जुलाई। समाजवादी अल्पसंख्यक सभा, बदायूं के जिला अध्यक्ष अहमद परवेज़ ख़ां के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के Dm के नाम एक ज्ञापन सौंपकर रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय को ध्वस्तीकरण से बचाने तथा वहां अध्ययनरत हजारों छात्र-छात्राओं के भविष्य की रक्षा करने की मांग की गई।

ज्ञापन में कहा गया है कि रामपुर विकास प्राधिकरण द्वारा विश्वविद्यालय के 38 इमारतों को बिना नक्शा पास कराए निर्मित बताते हुए ध्वस्तीकरण का नोटिस जारी किया गया है। संगठन का कहना है कि यदि विश्वविद्यालय पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई होती है तो इससे हजारों विद्यार्थियों की शिक्षा और भविष्य पर गंभीर असर पड़ेगा।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि विश्वविद्यालय के निर्माण में किसी प्रकार की प्रशासनिक या कानूनी अनियमितता पाई गई है तो उसके लिए नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा सकती है, लेकिन पूरे शैक्षणिक संस्थान को ध्वस्त करना उचित नहीं होगा। संगठन ने कहा कि ऐसा होने पर शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्रों का भविष्य अंधकारमय हो जाएगा।

समाजवादी अल्पसंख्यक सभा ने राज्यपाल से मांग की है कि जौहर विश्वविद्यालय के ध्वस्तीकरण संबंधी नोटिस पर तत्काल रोक लगाई जाए, संस्थान के बुनियादी ढांचे को सुरक्षित रखा जाए तथा विश्वविद्यालय का संचालन सुचारु रूप से जारी रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि छात्रों के हित और भविष्य की रक्षा हो सके।

ज्ञापन पर समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के पदाधिकारियों एवं विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और शैक्षणिक संगठनों से जुड़े लोगों ने भी अपने हस्ताक्षर कर समर्थन व्यक्त किया।

हसरत अली ख़ान की रिपोर्ट

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours