मुरादाबाद। थाना मैनाठेर क्षेत्र के गांव तहरपुर में 26 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। महिला की मौत के बाद मायके पक्ष के परिजनों ने उसके पति पर गला घोंटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद से आरोपी पति फरार बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि मृतका हुमा की शादी करीब सात वर्ष पहले हुई थी और उसके तीन छोटे बच्चे हैं। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां की मौत के बाद तीनों मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना मैनाठेर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
परिजनों का आरोप है कि हुमा की गला घोंटकर हत्या की गई और घटना के बाद उसका पति मौके से फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
वहीं, पुलिस की प्रारंभिक जांच में भी गला घोंटने की आशंका सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल फरार आरोपी पति की तलाश जारी है।
अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हैं, जिससे इस संदिग्ध मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।


+ There are no comments
Add yours