ढिलावल चौराहे पर रफ्तार का खूनी खेल! पिकअप की टक्कर से शिक्षामित्र की दर्दनाक मौत, हादसे के बाद चालक फरार

1 min read

ससुराल जाते समय बाइक सवार को तेज रफ्तार वाहन ने मारी जोरदार टक्कर, अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टर ने किया मृत घोषित

फर्रुखाबाद। रविवार की सुबह मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। ढिलावल चौराहे के पास तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप ने बाइक सवार शिक्षामित्र को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर जा गिरा। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। गंभीर हालत में घायल को जिला अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे में जान गंवाने वाले शिक्षामित्र की पहचान 45 वर्षीय सर्वेश कुमार निवासी ग्राम कुइयां बूंट के रूप में हुई है। बताया गया कि रविवार सुबह सर्वेश कुमार बाइक से अपनी ससुराल ग्राम सितौली जा रहे थे। करीब 9:30 बजे जैसे ही वह ढिलावल चौराहे के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सर्वेश बाइक समेत सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

बेटे ने पहुंचाया अस्पताल, डॉक्टर ने मृत घोषित किया

हादसे की जानकारी मिलते ही सर्वेश कुमार के पुत्र देवांश मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल पिता को आनन-फानन में उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. ऋषिकांत वर्मा ने जांच के बाद सर्वेश कुमार को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

सर्वेश कुमार की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक के चार बच्चे हैं। घर के जिम्मेदार सदस्य की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की खबर सुनकर गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा, फरार चालक की तलाश

अस्पताल प्रशासन की सूचना पर मऊ दरवाजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे के बाद मौके से फरार हुए अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours