पोस्टमार्टम के बाद फतेहगढ़ कोतवाली के बाहर चक्काजाम, चार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग; पैनल से वीडियोग्राफी के बीच हुआ पोस्टमार्टम
फर्रुखाबाद/ फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के हुसैनपुर नौखंडा गांव में कुत्ते को डंडा मारने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मारपीट में घायल युवक संदीप की हालत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के बाद आक्रोशित परिजनों ने शव के साथ फतेहगढ़ कोतवाली के बाहर सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। परिजन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़ गए।
बताया गया कि दो दिन पूर्व पड़ोसी के कुत्ते ने संदीप को काट लिया था। इसके बाद संदीप ने कुत्ते को डंडा मार दिया। आरोप है कि इसी बात को लेकर पड़ोसियों ने उसके साथ मारपीट की।संदीप की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत के बाद पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव लेकर परिजन फतेहगढ़ कोतवाली पहुंच गए और सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया। महिलाओं समेत बड़ी संख्या में परिजनों के सड़क पर बैठने से यातायात प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही सीओ सिटी अभय वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की।
पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद परिजनों ने जाम समाप्त किया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए संदीप के शव का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के पैनल से वीडियोग्राफी के बीच कराया गया। मौत का कारण पूरी तरह स्पष्ट नहीं होने पर विसरा सुरक्षित रखा गया है। सीओ सिटी अभय वर्मा के अनुसार, परिजनों की ओर से चार लोगों के खिलाफ शिकायत दी गई है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच और आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।


+ There are no comments
Add yours