कायमगंज- फर्रुखाबाद मार्ग पर छोटा हाथी व बाइक की भिड़ंत में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ।
शमसाबाद थाना क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर निवासी 30 वर्षीय सौरभ शर्मा पुत्र स्वर्गीय राजेश शर्मा शनिवार को बाइक से कंपिल दवा लेने गए थे। वापस घर लौटते समय कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर गांव बरझाला गेट के पास सामने से आ रही पिकअप व बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सौरभ ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।घटना में मृतक की बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई । मास के लोथड़े लगभग 40 फीट के क्षेत्रफल में इधर-उधर बिखर गए। बताया गया कि पिकअप में देशी शराब की पेटी भरी हुई थी जो माल उतारने कायमगंज की ओर जा रहा थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद छोटा हाथी चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन ग्रामीणों राहगीरों ने वाहन व चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए। युवक का शव देखकर मां स्नेहलता समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया गया है कि मृतक सौरभ चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसकी बहन रागिनी की शादी हो चुकी है। क्राइम इन्स्पेक्टर महेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे में शामिल वाहन व चालक को हिरासत में ले लिया गया है, और मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


+ There are no comments
Add yours