बिजली का पोल भी जमीन में धंसा, पानी की पाइपलाइन टूटी; घरों की नींव पर मंडराया खतरा
मोहम्मदाबाद/ फर्रुखाबाद लगातार हो रही बारिश ने नगर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। इंद्रा नगर में बारिश और जलभराव के बीच अचानक गली का बड़ा हिस्सा करीब 7 से 8 फीट नीचे धंस गया, जिससे मौके पर गहरी खाई बन गई। गली के बीचों-बीच जमीन धंसने से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि जिस समय जमीन धंसी, उस वक्त कोई व्यक्ति या वाहन उसकी चपेट में नहीं आया।
गली धंसने के साथ ही बिजली का पोल भी धंसी हुई जमीन की चपेट में आ गया, जिससे आसपास रहने वाले लोगों में करंट फैलने की आशंका को लेकर डर बना हुआ है। वहीं पानी की सप्लाई करने वाली पाइपलाइन भी टूट गई। पाइपलाइन टूटने से पानी आसपास की जमीन में फैलने लगा और हालात और बिगड़ गए।
घरों की नींव को लेकर बढ़ी चिंता
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई दिनों से लगातार पानी जमा होने के कारण जमीन कमजोर हो गई। अब गली के धंसने के बाद आसपास बने मकानों की नींव पर भी खतरा मंडराने लगा है। लोगों को आशंका है कि यदि जल निकासी की तत्काल व्यवस्था नहीं की गई तो आसपास की जमीन और धंस सकती है।
गली की हालत इतनी खतरनाक हो गई है कि पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। बच्चों और मवेशियों के गहरे गड्ढे में गिरने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय निवासी सुदामा देवी ने बताया कि गली धंसने के बाद लोगों का आवागमन लगभग पूरी तरह बाधित हो गया है।
शिकायतों के बाद भी नहीं चेते जिम्मेदार!
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जल निकासी की समस्या को लेकर पहले भी जिम्मेदार अधिकारियों को शिकायत की गई थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अब बारिश के बीच गली धंसने की घटना ने व्यवस्था की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हर्ष सक्सेना, शिवम राठौर, मौज श्री समेत अन्य स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल मौके का निरीक्षण कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सबसे पहले बिजली के पोल और टूटी पानी की पाइपलाइन को सुरक्षित कराया जाए, इसके बाद धंसी गली की मरम्मत कराकर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए।
फिलहाल गली में बने गहरे गड्ढे के कारण लोगों में दहशत है। स्थानीय लोगों को डर है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बारिश के बीच यह गड्ढा और चौड़ा हो सकता है और कोई बड़ा हादसा हो सकता है।


+ There are no comments
Add yours