सामान निकालते समय अचानक ढही दीवार, करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद मलबे से निकाला गया संदीप का शव
फर्रुखाबाद/नवाबगंज। लगातार हो रही बारिश ने ग्रामीण इलाकों में आफत खड़ी कर दी है। नवाबगंज थाना क्षेत्र के कनासी गांव में शाम करीब 7:30 बजे बारिश से कमजोर हुआ एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के समय मकान से सामान निकाल रहे दिनेश कुमार और उनके चचेरे भाई संदीप गंगवार (55) मलबे की चपेट में आ गए। हादसे में संदीप गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
बताया गया कि पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण कच्चे मकान की हालत बेहद जर्जर हो गई थी। मकान गिरने की आशंका को देखते हुए दिनेश कुमार और उनके चचेरे भाई संदीप अंदर रखा सामान बाहर निकालने में जुटे थे। इसी दौरान अचानक मकान की दीवार भरभराकर उनके ऊपर आ गिरी। दोनों मलबे में दब गए।
हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल राहत-बचाव शुरू करते हुए दिनेश कुमार को मलबे से बाहर निकाल लिया। हालांकि संदीप का तत्काल पता नहीं चल सका। घायल दिनेश को उपचार के लिए सीएचसी नवाबगंज ले जाया गया। करीब एक घंटे बाद होश आने पर दिनेश ने ग्रामीणों और पुलिस को बताया कि संदीप मलबे के किस हिस्से में दबे हैं।
इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने दोबारा राहत-बचाव अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर संदीप को बाहर निकाला गया। उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें सीएचसी नवाबगंज से डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर किया गया।
लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में चिकित्सकों ने जांच के बाद संदीप को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। संदीप की पत्नी ममता और 10 वर्षीय बेटे आकाश का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घायल दिनेश का सीएचसी नवाबगंज में प्राथमिक उपचार किया गया।
लगातार बारिश के बीच कच्चे मकानों के गिरने की घटनाओं से ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जर्जर और कच्चे मकानों का सर्वे कराकर प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।


+ There are no comments
Add yours