खुले नाले में समाया चार साल का मासूम, 500 मीटर दूर मिला शव

1 min read

बारिश बनी काल, रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन; इकलौते बेटे का शव देख मां हुई बेहोश, पिता बदहवास

फर्रुखाबाद/ लगातार हो रही बारिश के बीच मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के टाउन हॉल इलाके में रात दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया। घर से बाहर टॉयलेट करने निकला चार वर्षीय मासूम रियांश उफनाते खुले नाले में जा गिरा और तेज बहाव में बह गया। मासूम के नाले में बहने की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। रातभर पुलिस, नगर पालिका, एनडीआरएफ समेत करीब सौ लोगों की टीम मासूम की तलाश में जुटी रही, लेकिन रातभर की मशक्कत के बाद रविवार सुबह करीब 8:30 बजे घटनास्थल से लगभग 500 मीटर दूर खेत में मासूम का शव बरामद हुआ।

बताया गया कि टाउन हॉल क्षेत्र में बारिश के कारण नाला उफान पर था। नाले का एक हिस्सा खुला हुआ था। रात चार वर्षीय रियांश घर से बाहर निकला था। इसी दौरान वह करीब चार फीट गहरे नाले में गिर गया। पानी का बहाव तेज होने के कारण देखते ही देखते मासूम पानी में बह गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद एनडीआरएफ को भी बुलाया गया। करीब सौ लोगों की टीम ने रातभर नाले और आसपास के क्षेत्र में सघन तलाश अभियान चलाया। नाले की सफाई और पानी के बहाव को नियंत्रित करने के लिए दो जेसीबी मशीनों की मदद ली गई। रातभर अंधेरे और तेज बारिश के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा।

सुबह करीब 8:30 बजे घटनास्थल से लगभग 500 मीटर दूर एक खेत में मासूम का शव दिखाई दिया। शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रियांश अपने माता-पिता आकाश (28) और कोमल (26) का इकलौता बेटा था। बेटे का शव देखते ही मां कोमल बेसुध होकर गिर पड़ीं, जबकि पिता आकाश का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद खुले नाले और जलभराव वाले स्थानों को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता और आक्रोश भी देखने को मिला।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours