नेपाल जेल से भागे 10 कैदी बिहार बॉर्डर पर गिरफ्तार, 550 हुए थे फरार

1 min read


सीतामढ़ी: नेपाल में जारी हिंसक आंदोलन के बीच जेल ब्रेक की घटना से हड़कंप मचा है. मंगलवार देर शाम नेपाल के महोतरी जिले के जलेश्वर जेल से 550 कैदी फरार हो गए. इस घटना के बाद से नेपाल से सटे बिहार बॉर्डर पर अलर्ट है. जलेश्वर जिला अधिकारी ने 550 कैदियों के फरार होने की पुष्टि की है. इधर 10 कैदियों को एसएसबी ने पकड़ा है, जो बिहार के रास्ते भारतीय सीमा में प्रवेश कर रहे थे.
नेपाल के जलेश्वर में जेल ब्रेक, 550 कैदी फरार : नेपाल के कई शहरों में सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी है. अब तक कई लोगों की मौत हो चुकी है, कई लोग घायल बताए जा रहे है. पड़ोसी देश में अस्थिरता के बीच, मंगलवार की रात बिहार के सीतामढ़ी जिले से सटे भीठ्ठा बॉर्डर से कुछ ही किलोमीटर दूर नेपाल में जेल ब्रेक की घटना से बिहार के सीमावर्ती जिलों में हाई अलर्ट है. बिहार पुलिस और एसएसबी के जवान लगातार गश्त कर रहे हैं.
सीतामढ़ी के भिठ्ठा बॉर्डर से 10 KM की दूरी : बता दें कि जलेश्वर जेल नेपाल के महोतरी जिला में है. नेपाल का यह इलाका बिहार के सीतामढ़ी जिले से सटे भीठ्ठा बॉर्डर से करीब 10 किलोमीटर की दूरी पर है. ऐसे में बिहार सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. भारतीय अधिकारियों को आशंका है कि नेपाल से भागे कैदी भारतीय सीमा में प्रवेश कर सकते हैं.
बिहार बॉर्डर पर एसएसबी अलर्ट : नेपाल की स्थिति को देखते हुए एसएसबी 51 बटालियन के जवानों ने भारत नेपाल सीमा से सटे हनुमान चौक, सोनबरसा बाजार, इंदरवा, सहोरबा, लालबंदी, लरकवा, बलुआहा, कन्हौली नाका पर गश्त तेज कर दिया है. सीमा पर आने जाने वाले हर व्यक्ति और वाहन की सघन तलाशी ली जा रही है. पहचान पत्र दिखाने के बाद ही नागरिकों को आवाजाही की अनुमति दी जा रही है. दूसरी तरफ, नेपाल शस्त्र बल के जवान भी आने-जाने वाले की जांच कर रही है.
रात भर गश्त लगाते रहे पुलिस अधीक्षक : इधर नेपाल में जेल ब्रेक की घटना के बाद भारत नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र (बिहार) में जिला पुलिस और एसएसबी के जवानों को हाई अलर्ट पर रखा गया है. सीतामढ़ी एसपी अमित रंजन सोमवार देर रात सीमावर्ती क्षेत्र के थानों का निरीक्षण करते दिखे. एसपी ने मौके पर मौजूद पुलिस पदाधिकारी को कई दिशा निर्देश में दिए.”जेल ब्रेक की घटना के बाद एसएसबी, पुलिस और सभी जांच एजेंसी के बीच बैठक हुई. नेपाल से सटे इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. सुरक्षाकर्मी लगातार गश्त कर रहे है.” – रिची पांडेय, सीतामढ़ी, डीएम

नेपाल में Gen Z आंदोलन : नेपाल सरकार के 26 सोशल मीडिया साइट्स पर बैन लगाने के फैसला का बाद युवा सड़कों पर उतर आए थे. हालांकि हिंसक प्रदर्शन के बाद सरकार ने फैसला वापस ले लिया था. इसके बावजूद प्रदर्शन थमा नहीं है. जेन जी युवाओं के आंदोलन ने उग्र रूप ले लिया है. संसद और राष्ट्रपति भवन में आगजनी, मंत्रियों पर हमले, प्रधानमंत्री केपी शर्मा और राष्ट्रपति के इस्तीफे के बावजूद हिंसक प्रदर्शन जारी है. प्रदर्शनकारियों की मांग है कि नई सरकार का गठन हो और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की गारंटी मिले.

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours