23 बीघा जमीन बनी खूनी रिश्ते की वजह! पोते ने सगे बाबा को मारी दो गोलियां, मौत के बाद गांव में सनसनी

1 min read

फर्रुखाबाद/जहानगंज। जमीन के बंटवारे और बिक्री को लेकर चल रहा विवाद रविवार शाम खूनी संघर्ष में बदल गया। जहानगंज थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव में 20 वर्षीय युवक अंकित पर अपने 72 वर्षीय सगे बाबा गजेंद्र सिंह को गोली मारने का आरोप है। गंभीर हालत में घायल गजेंद्र सिंह को कन्नौज मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया और पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया।

बताया गया कि गजेंद्र सिंह के नाम करीब 23 बीघा जमीन थी। पिछले कुछ वर्षों से वह घर से करीब 500 मीटर दूर बनी कुटिया में साधु के वेश में रह रहे थे। परिजनों के मुताबिक, इलाज समेत अन्य जरूरतों के लिए वह पहले भी जमीन बेच चुके थे। हाल में उन्होंने ढाई बीघा यानी 10 बिस्वा जमीन का करीब 15 लाख रुपये में सौदा किया था और एक लाख रुपये बयाना भी ले लिया था। इसी जमीन की बिक्री को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था।

पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम इसी बात को लेकर अंकित और उसके बाबा के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान अंकित ने तमंचे से गजेंद्र सिंह को दो गोलियां मार दीं। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए कन्नौज मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां उनकी मौत हो गई।

माता-पिता की मौत के बाद बहनों की जिम्मेदारी उठा रहा था अंकित

परिजनों के अनुसार अंकित के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। वह वैन चलाने और खेती का काम कर अपनी दो छोटी बहनों अन्नू और तन्नू की देखभाल कर रहा था। परिवार का कहना है कि जमीन लगातार बिकने की बात को लेकर वह अपने और बहनों के भविष्य तथा खर्च को लेकर परेशान था। हालांकि घटना के पीछे वास्तविक कारण और विवाद की पूरी स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

बहनों ने लगाए परिवार पर गंभीर आरोप

घटना के बाद अंकित की बहन अन्नू ने आरोप लगाया कि माता-पिता की मौत के बाद दादी और ताऊ ने उनका पर्याप्त साथ नहीं दिया। उसने अपनी मृत मां को प्रताड़ित किए जाने का भी आरोप लगाया। वहीं, घटना के बाद ग्रामीणों द्वारा अंकित की पिटाई किए जाने की बात भी सामने आई है।

दूसरी ओर मृतक गजेंद्र सिंह की पत्नी मीना ने आरोपों को अलग नजरिए से बताया। उनका कहना है कि ननिहाल पक्ष के लोगों के बहकावे में आकर बच्चे उनसे दूर हो गए थे और उन्होंने उनकी सुध तक नहीं ली। मीना ने यह भी कहा कि यदि दोनों बच्चियां उनके साथ रहना चाहेंगी तो वह उन्हें अपने साथ रखने के लिए तैयार हैं।

तहरीर पर मुकदमा, आरोपी की तलाश में दबिश

मृतक के बड़े बेटे मुकेश की तहरीर पर पुलिस ने अंकित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ मोहम्मदाबाद आलोक कुमार के अनुसार आरोपी घटना के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस ने गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में विवाद की पूरी वजह सामने आने की उम्मीद है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours