कायमगंज। आधार कार्ड का गलत इस्तेमाल कर बैंक खाता खुलवाने और बाद में खाते में भारी-भरकम माइनस बैलेंस दिखने का मामला सामने आया है। कायमगंज क्षेत्र निवासी संजीत कुमार ने एक युवक पर उनके आधार कार्ड का कथित रूप से दुरुपयोग कर बैंक खाता खुलवाने और उसमें अपना मोबाइल नंबर दर्ज कराने का आरोप लगाया है। पीड़ित के मुताबिक खाते में अचानक 99,999 रुपये का माइनस बैलेंस दिखाई देने के बाद पूरे मामले की जानकारी हुई।
संजीत कुमार का आरोप है कि आरोपी ने उनके आधार कार्ड का इस्तेमाल करते हुए बैंक में खाता खुलवाया। खाता खुलवाते समय उनके दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया, जबकि मोबाइल नंबर आरोपी ने अपना दर्ज कराया। पीड़ित के अनुसार खाते से करीब पांच हजार रुपये की निकासी भी की गई।
मामले की जानकारी होने पर संजीत ने जब संबंधित युवक से खाता सही कराने और पूरे मामले का विरोध किया तो आरोप है कि उसे धमकाया गया। इसके बाद पीड़ित ने कायमगंज थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की और बैंक खाते तथा आधार दस्तावेजों के कथित दुरुपयोग की जांच कर कार्रवाई की मांग की।
पहले भी शिकायत का दावा
पीड़ित ने पुलिस को यह भी बताया कि संबंधित युवक के खिलाफ पहले भी शिकायत सामने आ चुकी है। गऊटोला निवासी आमिर ने भी इसी युवक पर एयरटेल पेमेंट बैंक के माध्यम से कथित धोखाधड़ी कर एक लाख रुपये का लोन लेने का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। इन दोनों मामलों के सामने आने के बाद पुलिस के सामने दस्तावेजों और बैंक खातों के इस्तेमाल की जांच का सवाल खड़ा हो गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
क्राइम इंस्पेक्टर बी. यादव के मुताबिक शिकायत पुलिस के संज्ञान में आई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस बैंक खाते, मोबाइल नंबर और संबंधित दस्तावेजों की जांच कर यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि खाता किस प्रक्रिया से खुला और उसमें लेनदेन किसके द्वारा किया गया।
दस्तावेज देने से पहले रहें सतर्क
इस घटना ने आधार कार्ड और अन्य पहचान दस्तावेजों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। लोगों को सलाह दी जाती है कि आधार, पैन, बैंक संबंधी जानकारी और ओटीपी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी संस्था या बैंक में दस्तावेज जमा करते समय उसका उद्देश्य स्पष्ट रूप से जानें और अपने नाम से खुले बैंक खातों तथा लेनदेन की समय-समय पर जांच करते रहें।


+ There are no comments
Add yours