फर्रुखाबाद। जहानगंज थाना क्षेत्र में शाम उस समय बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब सड़क पर अचानक सामने आई नीलगाय से समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रदेश सचिव डॉ. जितेंद्र सिंह यादव की कार जोरदार तरीके से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के अगले हिस्से और चालक की तरफ का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि कार में सवार डॉ. जितेंद्र सिंह यादव को केवल हल्की चोटें आईं।
जानकारी के अनुसार डॉ. जितेंद्र सिंह यादव अपनी पत्नी अनीता रंजन के साथ किसी जरूरी काम से लखनऊ जा रहे थे। कार उनका चालक चला रहा था। बताया गया कि जहानगंज क्षेत्र में राजपूताना स्कूल के पास अचानक एक नीलगाय सड़क पर आ गई। चालक ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज रफ्तार में कार नीलगाय से जा टकराई।
टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे में डॉ. जितेंद्र सिंह यादव को हल्की चोटें आईं। हालांकि उनकी पत्नी और चालक सुरक्षित बताए गए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही दूसरी कार मौके पर मंगाई गई। इसके बाद डॉ. जितेंद्र सिंह यादव अपनी पत्नी के साथ दूसरी कार से लखनऊ के लिए रवाना हो गए। हादसे की खबर फैलते ही समर्थकों और परिचितों ने उनका हालचाल जाना। घटना के बाद क्षेत्र में सड़क पर अचानक आने वाले आवारा पशुओं को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई।


+ There are no comments
Add yours