बुढ़वा मंगल पर आस्था का सैलाब! नीबकरोरी धाम में उमड़ा जनसैलाब, रेलवे स्टेशन से मंदिर तक भक्तों की लंबी कतार

1 min read

फर्रुखाबाद। बुढ़वा मंगल के पावन अवसर पर मंगलवार को जिले के प्रसिद्ध हनुमान मंदिरों में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। नीबकरोरी धाम से लेकर शहर के भोलेपुर हनुमान मंदिर तक सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती रही। मंदिर परिसर बाबा लक्ष्मण दास महाराज और बजरंगबली के जयकारों से गूंजते रहे। रेलवे स्टेशन से मंदिर तक भक्तों की लंबी कतार दिखाई दी। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल ही धाम की ओर जाते नजर आए।

नीबकरोरी धाम में भोर से ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। मंदिर के कपाट सुबह करीब 4:30 बजे खोल दिए गए। इसके बाद दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की भीड़ लगातार बढ़ती चली गई। सोमवार को आयोजित अखंड पाठ का मंगलवार सुबह हवन-पूजन के साथ समापन हुआ। धाम में श्रद्धालुओं को करीब 50 कुंतल हलवा और 18 कुंतल मालपुआ प्रसाद के रूप में वितरित किया जा रहा है।

🚨 भीड़ के बीच प्रशासन ने संभाला मोर्चा, 150 पुलिसकर्मी तैनात

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए। नीबकरोरी धाम के आसपास छह बैरियर और चार पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। मोहम्मदाबाद-संकिसा मार्ग के पास वाहनों को रोककर श्रद्धालुओं को पैदल मंदिर तक भेजा गया। महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग दर्शन लाइनें बनाई गईं।

सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 150 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई। नवाबगंज, मेरापुर, मऊदरवाजा और जहानगंज थानों की पुलिस के साथ पुलिस लाइन से भी जवान तैनात किए गए। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और चिकित्सकों की टीम को भी मुस्तैद रखा गया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए खोया-पाया केंद्र भी बनाया गया।

🙏 भोलेपुर मंदिर में सुबह से भक्तों की कतार

शहर के भोलेपुर स्थित हनुमान मंदिर में भी सुबह से श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। सुबह करीब पांच बजे से भक्त दर्शन के लिए पहुंचने लगे। आठ बजे विशेष महाआरती का आयोजन हुआ। दोपहर दो बजे तक यहां करीब दो हजार से अधिक श्रद्धालुओं के दर्शन करने की जानकारी सामने आई।

🚉 स्टेशन से धाम तक दिखा भक्ति का नजारा

नीबकरोरी रेलवे स्टेशन से लेकर मंदिर तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दिखाई दी। जगह-जगह बजरंगबली के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। दूर-दराज से आए श्रद्धालु बाबा के दरबार में मत्था टेकने और प्रसाद चढ़ाने के लिए घंटों इंतजार करते रहे। बढ़ती भीड़ के बीच पुलिस और प्रशासनिक टीमें लगातार व्यवस्थाओं पर नजर रखती रहीं।

स्थानीय स्तर पर यह भी बताया जा रहा है कि हाल में रिलीज हुई ‘हनुमान अंश’ फिल्म के बाद नीबकरोरी धाम के प्रति लोगों की रुचि और श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ी है। फिल्म में धाम से जुड़े स्थानों को प्रमुखता से दिखाए जाने के बाद यहां आने वाले लोगों की संख्या में इजाफा होने की चर्चा है। बुढ़वा मंगल पर उमड़ी भीड़ ने एक बार फिर नीबकरोरी धाम की धार्मिक आस्था और लोकप्रियता का बड़ा नजारा सामने रख दिया।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours