महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 के तहत स्ट. मैरी कॉन्वेंट इंटर कॉलेज की कक्षा 9 की छात्रा ज्ञाना दुबे को करैली थाना, प्रयागराज का एक दिन का कोतवाल बनाया गया। इस अवसर पर थाना प्रभारी आशीष सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक दिनेश शुक्ला, महिला उपनिरीक्षक मंजू शाक्य और उपनिरीक्षक प्रिया यादव ने उनका फूलों के बुके से स्वागत किया।
एक दिन की प्रभारी बनी छात्रा ने थाना अभिलेखों की जांच की और शिकायतों का त्वरित निस्तारण भी किया। कार्यक्रम के दौरान एंटी रोमियो स्क्वाड और महिला बीट अधिकारियों ने बालिकाओं व महिलाओं को गुड-टच, बैड-टच, महिला हेल्पलाइन 1090, यूपी 112, चाइल्डलाइन 1098, साइबर क्राइम 1930 समेत विभिन्न आपात सेवाओं की जानकारी दी। साथ ही आत्मरक्षा से जुड़े टिप्स देकर उन्हें जागरूक किया गया। यह पहल छात्राओं को पुलिस कार्यप्रणाली से जोड़ने और महिला सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण रही।


+ There are no comments
Add yours