उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां पुलिस ने जीएसटी चोरी के एक बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। इस पूरे मामले में करोड़ों रुपये के टैक्स घोटाले का खुलासा हुआ है।
जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने जीएसटी चोरी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने रविवार को कार्रवाई करते हुए 50 लाख रुपये की शुरुआती टैक्स चोरी के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया।
हालांकि, जब आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की गई तो यह रकम बढ़कर 1.68 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।
जांच में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह आम लोगों के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर फर्जी फर्में बनाता था और उन्हीं के जरिए तंबाकू का अवैध कारोबार चलाया जा रहा था।
इस पूरे नेटवर्क का खुलासा कंपिल क्षेत्र के निवासी ताहर सिंह की शिकायत के बाद हुआ।
पुलिस के मुताबिक, अमन ट्रेडिंग कंपनी, एके ट्रेडर्स, यदुवंशी ट्रेडर्स और नोहा टोबैको कंपनी जैसी कई फर्जी फर्मों का इस्तेमाल इस घोटाले में किया जा रहा था।
इस मामले में पुलिस ने अमन, फैसल और अरबाज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, इस पूरे नेटवर्क से जुड़े गैंगस्टर जुबैर और सुखवीर समेत कुल 25 लोगों के खिलाफ एक और एफआईआर दर्ज की गई है।
बताया जा रहा है कि यह गिरोह न सिर्फ उत्तर प्रदेश बल्कि अन्य राज्यों में भी फर्जी फर्मों के जरिए तंबाकू की सप्लाई कर रहा था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के बैंकिंग ट्रांजेक्शन और अन्य कड़ियों की जांच में जुटी है।
फिलहाल इस बड़े खुलासे के बाद तंबाकू कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
इस खबर पर हमारी नजर बनी हुई है।
फिलहाल के लिए इतना ही, देखते रहिए तस्वीर न्यूज़ चैनल।


+ There are no comments
Add yours