तिलहर/शाहजहांपुर
तिलहर कोतवाली क्षेत्र के नेशनल हाईवे स्थित भक्शी तिराहे पर शनिवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम रुजबारी निवासी 22 वर्षीय अंशुल पांडे पुत्र अजीत पांडे अपनी बहन को बाइक से भक्शी तिराहे पर छोड़ने आया था। शनिवार सुबह करीब 10 बजे जब वह वापस लौट रहा था, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अंशुल गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे खड़ी एक टैक्सी कार से भी जा टकराया।
सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी जीत सिंह राय, पुलिस क्षेत्राधिकारी इशिका सिंह तथा क्राइम इंस्पेक्टर सुनील यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल युवक को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिलहर भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अंशुल की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे तक नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया। मौके पर पहुंचीं क्षेत्राधिकारी इशिका सिंह ने परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया और जाम खुलवाया। इसके बाद यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सका।
पुलिस ने कार चला रही महिला को हिरासत में ले लिया है। वहीं शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को भी हाईवे से हटवाकर किनारे कराया गया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी इशिका सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
रिपोर्ट धर्मेंद्र यादव


+ There are no comments
Add yours