शमशाबाद/फर्रुखाबाद
जनसत्ता दल लोकतांत्रिक (किसान प्रकोष्ठ) ने शमशाबाद क्षेत्र में संगठन विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ग्राम भिड़ौर स्थित दिव्या बिल्डर्स, चिलसरा रोड पर एक विशाल संगठनात्मक बैठक आयोजित की। बैठक में बड़ी संख्या में किसानों, युवाओं और स्थानीय लोगों की भागीदारी रही। कार्यक्रम के दौरान करीब 50 लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर संगठन में नई ऊर्जा का संचार किया।
बैठक का नेतृत्व किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अवनीश सिंह तोमर ने किया, जबकि अध्यक्षता जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के जिलाध्यक्ष सुशील सिंह चौहान ने की। कार्यक्रम में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण पदाधिकारियों की नियुक्ति भी की गई। जोगराम राजपूत और राणा प्रताप सिंह को किसान प्रकोष्ठ का जिला उपाध्यक्ष तथा रामशरण राजपूत को जिला सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का पार्टी नेताओं ने माल्यार्पण कर स्वागत किया और संगठन के प्रति पूरी निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक का सबसे महत्वपूर्ण क्षण तब रहा जब रवि कुमार, अशोक कुमार सक्सेना, नरेश सक्सेना, जगदीश यादव, शेर सिंह, राकेश, बेचेलाल कुशवाहा, सोनपाल राजपूत, विजय, विकास यादव, देवेंद्र यादव, अखिलेश यादव समेत लगभग 50 लोगों ने जनसत्ता दल लोकतांत्रिक की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी नेताओं ने सभी नवसदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन का उद्देश्य गांव-गांव तक पहुंचकर किसानों और आमजन की समस्याओं को मजबूती से उठाना है।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सुशील सिंह चौहान ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था का आधार किसान है और किसान की खुशहाली से ही गांव, प्रदेश और देश का विकास संभव है। उन्होंने कहा कि जनसत्ता दल लोकतांत्रिक हमेशा किसानों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों और समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान, अधिकार और न्याय की लड़ाई लड़ता रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में पार्टी की सरकार बनने पर किसानों के हित में कई ऐतिहासिक फैसले लिए जाएंगे।
उन्होंने किसानों के लिए प्रस्तावित योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि कृषि उपज की पूरी खरीद और लाभकारी मूल्य की गारंटी दी जाएगी। सिंचाई के मौसम में नहरों में पर्याप्त पानी और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। किसान दुर्घटना बीमा योजना की राशि 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये की जाएगी। कृषि यंत्रों को कर मुक्त करने के साथ ही खेतों की बैरीकेटिंग के लिए किसानों को ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे किसानों की लागत कम होगी और उनकी आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में जिला सचिव सिद्धांत सिंह, योगेंद्र सिंह राठौर, मुकेश चौहान, अरविंद चौहान, धनंजय सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे। बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों और नवसदस्यों ने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने तथा किसानों के अधिकारों की आवाज को बुलंद करने का संकल्प लिया। पार्टी नेताओं ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक जिले में और अधिक मजबूती के साथ जनहित एवं किसान हित के मुद्दों पर संघर्ष करता नजर आएगा।


+ There are no comments
Add yours