राजस्व मामलों में ढिलाई नहीं चलेगी, लंबित प्रकरणों पर डीएम ने कसा शिकंजा

1 min read

फतेहगढ़। राजस्व विभाग के कामकाज में लापरवाही और अनावश्यक देरी को लेकर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक में डीएम ने स्पष्ट किया कि आम जनता से जुड़े राजस्व मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए और किसी भी स्तर पर लोगों को बेवजह कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

जिलाधिकारी ने विभागीय कार्यों और विभिन्न राजस्व प्रकरणों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों से निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने मासिक लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करें, ताकि वार्षिक लक्ष्य भी निर्धारित समय सीमा में हासिल किया जा सके। वसूली कार्यों में तेजी लाने के साथ ही नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया।

डीएम ने राजस्व न्यायालयों में लंबे समय से लंबित वादों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि इनका निस्तारण गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल मामलों की संख्या कम करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार गुणवत्तापूर्ण निर्णय सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

वरासत-नामांतरण से लेकर भूमि विवाद तक पर नजर

बैठक में वरासत, नामांतरण, भूमि विवाद, सीमांकन, पैमाइश, अतिक्रमण समेत विभिन्न राजस्व मामलों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुराने और लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर उनका शीघ्र निस्तारण कराया जाए। तहसील स्तर पर प्राप्त शिकायतों का भी गंभीरता से संज्ञान लेते हुए शिकायतकर्ताओं को समय से राहत उपलब्ध कराने को कहा गया।

उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग का सीधा संबंध आम जनता से है। जमीन, पैमाइश, वरासत और नामांतरण जैसे मामलों में छोटी सी देरी भी लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन सकती है। ऐसे में अधिकारी संवेदनशीलता, पारदर्शिता और पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

राजस्व वसूली और प्रवर्तन की भी हुई समीक्षा

बैठक में वाणिज्य कर, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन, आबकारी, परिवहन, विद्युत, मंडी समिति, वानिकी और सिंचाई विभाग के अंतर्गत राजस्व प्राप्ति तथा प्रवर्तन कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों में निर्धारित लक्ष्यों और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करने तथा जहां लक्ष्य पीछे चल रहे हों, वहां विशेष प्रयास कर समय से पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, वरिष्ठ कोषाधिकारी अम्बरीष बाजपेई, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, उप जिलाधिकारी अमृतपुर स्वेता साहू, उप जिलाधिकारी कायमगंज अजय पाण्डेय सहित तहसीलदार और राजस्व विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours