ससुराल से पत्नी की विदाई न होने से था परेशान, दुकान से निकला तो फिर नहीं लौटा घर—मोबाइल बंद होने से परिजनों की बढ़ी चिंता
अमृतपुर/पत्नी की विदाई कराने ससुराल गया युवक जब पत्नी को साथ लेकर घर नहीं लौट सका तो मामला उस समय और पेचीदा हो गया, जब घर पहुंचने के कुछ देर बाद वह परचून की दुकान से गुटखा लेने निकला और अचानक लापता हो गया। मोबाइल फोन बंद मिलने के बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई। करीब 15 घंटे तक रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश करने के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं लगा। आखिरकार परिजनों ने अमृतपुर थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और महज एक घंटे के भीतर युवक को सकुशल बरामद कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार दिनेश पुत्र कल्लू अपनी पत्नी की विदाई कराने के लिए ससुराल गया था। किसी कारणवश पत्नी उसके साथ घर नहीं आई। इसके बाद दिनेश वापस अपने घर लौट आया। घर आने के कुछ समय बाद वह पास की परचून की दुकान से गुटखा लेने के लिए निकला, लेकिन इसके बाद वह वापस घर नहीं पहुंचा।
काफी देर तक जब दिनेश घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां खोजबीन की गई। इस दौरान उसका मोबाइल फोन भी बंद मिला, जिससे परिजनों की बेचैनी और बढ़ गई। करीब 15 घंटे तक तलाश के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली, तो परिजन अमृतपुर थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी देते हुए तहरीर दी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष दर्शन सिंह सोलंकी ने तत्काल पुलिस टीम को युवक की तलाश में लगाया। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए संभावित स्थानों पर खोजबीन शुरू की और सर्विलांस की मदद से युवक तक पहुंचने के प्रयास तेज कर दिए।
पुलिस की तत्परता और तकनीकी सहायता का असर भी जल्द ही देखने को मिला। तहरीर मिलने के करीब एक घंटे के भीतर पुलिस ने दिनेश को सकुशल बरामद कर लिया। युवक के मिलने की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, उनकी चिंता राहत में बदल गई। परिजनों ने पुलिस का आभार जताते हुए अमृतपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सक्रियता की सराहना की।
इस घटना में पुलिस की तत्परता एक बार फिर सामने आई। परिजनों की सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लापता युवक को सुरक्षित बरामद कर किसी अनहोनी की आशंका को भी टाल दिया।


+ There are no comments
Add yours