जनपद फर्रूखाबाद के शमसाबाद थाना क्षेत्र के मोहल्ला घटियापुर से 25 वर्षीय नवविवाहिता शबनम का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। नवविवाहिता की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस व फोरेंसिक विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
हत्या कर फंदे पर लटकाया : मायके पक्ष का आरोप
मृतका शबनम के चचेरे भाई दिलशाद ने ससुराल वालों पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। मायके पक्ष का कहना है कि घरेलू विवाद के चलते शबनम का पहले गला दबाकर हत्या कर दी और फिर मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया। कायमगंज के मोहल्ला गढ़ी नूर निवासी मृतका के पिता मोहम्मद फारूकी ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने अपनी बेटी शबनम का निकाह 23 जून 2025 को शमसाबाद निवासी इबरार के साथ किया था। महज 22 दिन पहले ही शबनम ने एक नन्हीं बच्ची को जन्म दिया था।
पुलिस की कार्रवाई और फॉरेंसिक जांच जारी
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई और तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी पति इबरार को हिरासत में ले लिया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। शमसाबाद थानाध्यक्ष सचिन चौधरी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


+ There are no comments
Add yours