नमस्कार, आप देख रहे हैं तस्वीर न्यूज चैनल चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर आज जनपद उन्नाव में नारी शक्ति के सम्मान और स्वावलंबन की एक अद्भुत तस्वीर देखने को मिली। ‘मिशन शक्ति फेज-5.0’ के तहत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में कन्या पूजन और भोज का भव्य आयोजन किया गया। आइए देखते हैं हरिकृष्ण शुक्ल की यह विशेष रिपोर्ट।
जनपद उन्नाव के सिकन्दरपुर सरोसी स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में आज भक्ति और सेवा का संगम दिखा। चैत्र नवरात्रि के अवसर पर मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत ‘कन्या पूजन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सदर विधायक के सुपुत्र श्री प्रखर गुप्ता और जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री क्षमानाथ राय की उपस्थिति में विद्यालय की 51 बालिकाओं का विधि-विधान से पूजन किया गया। इस दौरान कन्याओं को फल की टोकरी और चुनरी भेंट कर कन्या भोज कराया गया।
केवल पूजन ही नहीं, बल्कि इन बेटियों को आत्मरक्षा और स्वावलंबन का पाठ भी पढ़ाया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं को विषम परिस्थितियों से निपटने के लिए वूमेन हेल्पलाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और पुलिस हेल्पलाइन 112 की विस्तृत जानकारी दी गई।
महिला कल्याण विभाग के अधिकारियों ने सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं जैसे—मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बाल सेवा योजना, निराश्रित महिला पेंशन और ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ के बारे में जागरूक किया। साथ ही 1930, 1076 और 102 जैसे महत्वपूर्ण नंबरों के बारे में भी बताया गया ताकि ये बेटियाँ आत्मनिर्भर बन सकें।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय कुमार, वार्डन नीलम मिश्र, शिक्षिका मिथलेश आर्या, सरिता गौतम और मीरा प्रजापति सहित महिला कल्याण विभाग के तमाम कर्मचारी उपस्थित रहे।
निश्चित रूप से ऐसे आयोजनों से न केवल समाज में बेटियों के प्रति सम्मान बढ़ता है, बल्कि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग होकर एक सुरक्षित और सशक्त भविष्य की ओर कदम बढ़ाती हैं।
ब्यूरो रिपोर्ट, हरिकृष्ण शुक्ल तस्वीर न्यूज उन्नाव।


+ There are no comments
Add yours