मंदिर व मेले में महिलाओं के जेवरात चोरी की घटनाओं का खुलासा, 03 महिलाएं गिरफ्तार

0 min read


तिलहर/शाहजहांपुर
थाना तिलहर पुलिस ने मंदिर और मेले में महिलाओं के जेवरात चोरी करने की घटनाओं का खुलासा करते हुए 03 महिलाओं को चोरी किए गए माल समेत गिरफ्तार किया है।
10 जून को थाना कटरा क्षेत्र के गांव नगला मधा निवासी अजय सिंह अपनी पत्नी अंशिका के साथ कछियानी खेड़ा हनुमान मंदिर में प्रसाद चढ़ाने आए थे। जहां किसी अज्ञात ने उनकी पत्नी के गले से सोने की चेन चोरी कर ली। इसी तरह बीती 04 मई को थाना तिलहर क्षेत्र के गांव गोपालपुर निवासी रनवीर सिंह अपनी बहन के साथ बिरिया बाबा मेले में आए थे। जहां किसी ने उनकी बहन के कान के कुण्डल चोरी कर लिए थे। दोनों मामलों में अज्ञात चोरों के खिलाफ थाना तिलहर में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इसी क्रम में आज पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उक्त चोरी की घटनाओं में शामिल तीन महिलाओं को बिलहरी से बिलहरा जाने वाले कच्चे रास्ते से गिरफ्तार किया। जिनके कब्जे से पुलिस टीम ने चोरी का एक टीका, एक नथ मय डोरी, एक मंगलसूत्र, दो जोड़ी टाप्स, एक ओम का लॉकेट, एक जोड़ी कुण्डल, एक चैन, दो बच्चों की कौंधनी, चार खड़ुआ तथा एक जोड़ी पायल आदि आभूषण बरामद किए। पकड़ी गई तीनों अभियुक्ता थाना सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र की रहने वाली ज्ञानवती उर्फ गेंदावती पत्नी विजयपाल, भूरा पत्नी लक्ष्मण और प्रियंका पुत्री सुशील हैं। पुलिस ने तीनों अभियुक्ताओं के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया। जहां से तीनों अभियुक्ताओं को जेल भेज दिया गया।
रिपोर्ट धर्मेंद्र यादव

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours