औरास पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त ऑपरेशन चलाते हुए लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले 3 बदमाशों को धर दबोचा है। मामला 8 जुलाई का है, जब रामपुर गढ़ौवा के रहने वाले राजकिशोर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। तभी नन्दौली पुलिया के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनके साथ झपट्टा मारकर मोबाइल फोन लूट लिया था। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू की और मुखबिरों का जाल बिछाया।
मुखबिर से मिली गुप्त सूचना के बाद पुलिस ने माखन खेड़ा चौराहे के पास घेराबंदी की और इन तीनों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटा गया एक मोट्रोला और एक पोको कंपनी का मोबाइल बरामद किया है, साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई डिस्कवर मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया गया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रफी अहमद, मोहम्मद रजी और प्रशांत बाथम के रूप में हुई है, जो लखनऊ और फर्रुखाबाद के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इनमें से मोहम्मद रजी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिस पर पहले से ही एससी/एसटी एक्ट जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं।
इस पूरी कार्रवाई को औरास थाना प्रभारी संजीव कुमार, स्वाट प्रभारी जयप्रकाश यादव और उप-निरीक्षक उपेन्द्र कुमार की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। औरास क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।
तस्वीर न्यूज चैनल के लिए उन्नाव से संवाददाता हरिकृष्ण शुक्ल की खास रिपोर्ट


+ There are no comments
Add yours