उन्नाव शहर में आतंक का पर्याय बने चेन स्नेचर्स के गिरोह का पुलिस ने बड़ा पर्दाफाश किया है। कोतवाली सदर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चेन लूटने वाले तीन शातिर बदमाशों को दबोच लिया है।

1 min read

उन्नाव शहर में आतंक का पर्याय बने चेन स्नेचर्स के गिरोह का पुलिस ने बड़ा पर्दाफाश किया है। कोतवाली सदर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चेन लूटने वाले तीन शातिर बदमाशों को दबोच लिया है।
पुलिस ने बदमाशों के पास से लूटी गई सोने की चेन और घटना में प्रयुक्त होंडा साइन बाइक बरामद की है। आपको बता दें कि ये गिरोह शहर में सक्रिय होकर महिलाओं के गले से चेन लूटने की वारदातों को अंजाम दे रहा था। बीते 9 जुलाई को ए0बी0 नगर में हुई लूट की कोशिश और 7 जुलाई को आदर्श नगर में हुई चेन स्नेचिंग के बाद पुलिस हरकत में आई थी।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पकड़े गए बदमाशों में सागर गौतम, जो गंगाघाट का निवासी है; अर्जुन कुमार, जो काकादेव, कानपुर का रहने वाला है; और अभिषेक सिंह, जो संडीला, हरदोई का निवासी है। पुलिस के अनुसार, सागर और अर्जुन चेन स्नेचिंग का काम करते थे, जबकि अभिषेक इनके रहने-खाने और लूटा हुआ माल ठिकाने लगाने में मदद करता था। ये सभी आदतन अपराधी हैं, जिन पर उन्नाव, कानपुर और हरदोई में लूट और एनडीपीएस जैसे कई गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
इस बड़ी सफलता को हासिल करने में स्वाट प्रभारी जयप्रकाश यादव, कोतवाली सदर प्रभारी चंद्रकांत मिश्र, उप-निरीक्षक उग्रसेन सिंह और उप-निरीक्षक अंजनी सिंह की टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। उन्नाव पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से शहरवासियों ने राहत की सांस ली है।

तस्वीर न्यूज के लिए उन्नाव से संवाददाता हरिकृष्ण शुक्ल की खास की रिपोर्ट

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours