कलयुग की क्रूर तस्वीर: एकतरफा जुनून बना मौत की वजह, मेडिकल कॉलेज में छात्रा की चाकू मारकर हत्या
पीलीभीत मेडिकल कॉलेज में दिनदहाड़े वारदात, आरोपी क्लासमेट गिरफ्तार; इलाज के दौरान छात्रा ने तोड़ा दम, कॉलेज में दहशत और छात्रों का प्रदर्शन
पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत स्थित मेडिकल कॉलेज में मंगलवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पैरामेडिकल की 20 वर्षीय छात्रा की उसके ही सहपाठी ने कथित एकतरफा प्रेम के चलते चाकू से हमला कर हत्या कर दी। कॉलेज परिसर के भीतर हुई इस वारदात से छात्रों और स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद आरोपी भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन मेडिकल कॉलेज के सुरक्षा कर्मियों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बरेली निवासी कशिश मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे मेडिकल कॉलेज के सीटी स्कैन रूम में मौजूद थी। इसी दौरान उसके साथ पढ़ने वाला छात्र सागर सिंह वहां पहुंचा। दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। देखते ही देखते सागर ने अपने बैग से चाकू निकाला और कशिश पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए।
हमले से बचने के लिए कशिश जान बचाकर भागी, लेकिन आरोपी ने उसका पीछा कर कई बार चाकू से हमला किया। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची एक महिला कर्मचारी भी घायल हो गई। दोनों घायलों को पहले मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें बरेली के एसआरएमएस अस्पताल रेफर कर दिया गया। दोपहर करीब 2 बजे इलाज के दौरान कशिश की मौत हो गई, जबकि महिला कर्मचारी का उपचार जारी है।
प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी छात्र सागर कथित तौर पर कशिश से एकतरफा प्रेम करता था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
कॉलेज में दहशत, छात्रों ने किया प्रदर्शन
घटना के बाद मेडिकल कॉलेज में भय और आक्रोश का माहौल फैल गया। बड़ी संख्या में पैरामेडिकल छात्रों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना है कि कॉलेज परिसर में ऐसी घटना ने सभी को झकझोर दिया है और अब वे खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं।
कॉलेज के छात्र सुजीत कुमार ने बताया कि कशिश और सागर दोनों उनके बैचमेट थे। दोनों एक-दूसरे को जानते थे, लेकिन उन्होंने कभी अपने संबंधों को लेकर खुलकर कुछ नहीं बताया। इस घटना के बाद पूरे कॉलेज में डर का माहौल है।
इकलौती बेटी को खोकर टूट गया परिवार
कशिश अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थी। उसके पिता रोहतास, जो पेशे से ड्राइवर हैं, ने बताया कि सुबह उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी पर चाकू से हमला हुआ है। जब तक वह अस्पताल पहुंचे, उसकी हालत बेहद गंभीर थी। इलाज के दौरान डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। बेटी की मौत की खबर से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
आरोपी की मां बोलीं— पता होता तो रोक लेती
आरोपी सागर की मां माया देवी ने कहा कि उनके बेटे ने कभी परिवार के सामने किसी प्रेम संबंध का जिक्र नहीं किया। यदि उन्हें इसकी जानकारी होती तो वे उसे समझाकर घर बुला लेतीं और ऐसी घटना कभी नहीं होने देतीं। उन्होंने कहा कि “जैसे हमारी बेटी है, वैसे ही दूसरे की बेटी भी किसी की दुनिया होती है। किसी भी परिवार पर ऐसा दुख नहीं आना चाहिए।”
पुलिस कर रही गहन जांच
पुलिस ने आरोपी छात्र को हिरासत में लेकर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे के कारणों और दोनों छात्रों के बीच संबंधों की पूरी जांच की जा रही है। कॉलेज परिसर में सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।
(नोट: पुलिस की प्रारंभिक जांच में एकतरफा प्रेम का पहलू सामने आया है। अंतिम निष्कर्ष विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होंगे।)


+ There are no comments
Add yours