बाबा के दरबार में दर्शन से पहले थम गई पूर्व सैनिक की सांसें, बुढ़वा मंगल पर नीब करोरी धाम पहुंचे थे परिवार संग

1 min read

फर्रुखाबाद/मोहम्मदाबाद। बुढ़वा मंगल के पावन अवसर पर बाबा नीब करोरी के दर्शन की आस लेकर परिवार के साथ धाम पहुंचे कन्नौज निवासी पूर्व सैनिक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। दर्शन से पहले हुई इस दर्दनाक घटना से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान छिबरामऊ के आवास विकास निवासी 56 वर्षीय महेंद्र प्रताप सिंह यादव के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार महेंद्र प्रताप सिंह यादव मंगलवार सुबह करीब छह बजे अपनी पत्नी वीना देवी, साढ़ू दीवान सिंह और साली गुड्डी देवी के साथ निजी कार से मोहम्मदाबाद स्थित नीब करोरी धाम के लिए रवाना हुए थे। परिवार बुढ़वा मंगल के मौके पर बाबा के दर्शन करने पहुंचा था। बताया गया कि धाम के पीछे वाले गेट के पास पहुंचते ही महेंद्र प्रताप की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह मौके पर ही गिर पड़े।

घटना की जानकारी मिलते ही वहां मौजूद पुलिसकर्मी तत्काल हरकत में आए और उन्हें पुलिस वाहन से मोहम्मदाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अशोक शाक्य ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए सीपीआर देकर जान बचाने का प्रयास किया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। कुछ देर बाद चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल से सूचना मिलने के बाद उपनिरीक्षक कपिल कुशवाह ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कराई। पुलिस ने पंचनामा भरवाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पहले भी ड्यूटी के दौरान आया था हार्ट अटैक

परिजनों के मुताबिक महेंद्र प्रताप सिंह को दिसंबर 2011 में ड्यूटी के दौरान भी हार्ट अटैक आया था और इसके बाद उनका इलाज चल रहा था। वह बाबा लक्ष्मणदास के अनन्य भक्त बताए गए हैं। परिजनों का कहना है कि जब भी उनके सामने कोई परेशानी आती या कोई मनोकामना होती, वह बाबा के दर्शन के लिए नीब करोरी धाम आते थे।

मंगलवार को बुढ़वा मंगल के मौके पर भी वह परिवार के साथ बाबा के दरबार पहुंचे थे, लेकिन दर्शन करने से पहले ही उनकी जिंदगी की डोर टूट गई। जिस धाम में परिवार उनके साथ आस्था और उम्मीद लेकर पहुंचा था, वहीं से उनकी मौत की खबर लेकर परिजनों को लौटना पड़ा।

महेंद्र प्रताप सिंह की मौत की खबर मिलते ही पत्नी वीना देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार में बेटी प्रिंसी (29) और बेटा पारस (24) हैं। अचानक हुई मौत से परिजन सदमे में हैं। घटना के बाद धाम में मौजूद श्रद्धालुओं और आसपास के लोगों में भी शोक का माहौल दिखाई दिया।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours