कायमगंज: ओवरटेक के चक्कर में गई विवाहिता की जान, ट्रक के नीचे आने से मौके पर मौत।

0 min read

कायमगंज (फर्रुखाबाद): कायमगंज नगर के रेलवे रोड पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश में एक बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई, जिससे उस पर सवार 27 वर्षीय विवाहिता की ट्रक के नीचे कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में मृतका के पिता भी घायल हुए हैं।

इलाज के लिए जा रही थी बेटी
जानकारी के अनुसार, नगर के मोहल्ला चिलाका निवासी बबलू कुरैशी अपनी बेटी रूही (27) को लेकर बाइक से अस्पताल जा रहे थे। रूही की शादी दो साल पहले कासगंज के सहावर निवासी सोहेल के साथ हुई थी। वह पिछले कुछ समय से बीमार चल रही थी और उसका इलाज कायमगंज में चल रहा था। सोमवार को वह अपने पिता के साथ चिकित्सीय जांच के लिए बाइक पर सवार होकर निकली थी।

ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रेलवे रोड पर बबलू ने आगे चल रहे एक ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रक से टकरा गई। टक्कर लगते ही बबलू सड़क के किनारे गिरे, जिससे उन्हें मामूली चोटें आईं, लेकिन पीछे बैठी रूही सीधे ट्रक के पिछले टायर की चपेट में आ गई। ट्रक का पहिया सिर के ऊपर से गुजर जाने के कारण रूही की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस की कार्रवाई
हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भागने लगा, जिसे कोतवाली पुलिस ने पीछा कर कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया। घटना की सूचना मिलते ही सीओ राजेश कुमार द्विवेदी और मंडी चौकी इंचार्ज बलवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रक को जब्त कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा होने से कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सुचारू कराया।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours