विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप, एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार

1 min read

उत्तर प्रदेश के जिला (बदायूं)। के कोतवाली उझानी क्षेत्र के गांव सकरी जंगल निवासी विवाहिता सदफ परवीन ने अपने पति, सास-ससुर समेत अन्य ससुरालीजनों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट एवं यौन उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

सदफ परवीन का कहना है कि उसका विवाह अमीन वासिद के साथ हुआ था और उसका एक आठ माह का पुत्र है। आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा। विरोध करने पर पति द्वारा तलाक देने की धमकी दी जाती थी।

पीड़िता के अनुसार बुधवार को वह पारिवारिक विवाद सुलझाने के उद्देश्य से ससुराल पहुंची थी। वहां उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। महिला ने आरोप लगाया कि उसके ससुर अब्दुल वाहिद ने उसके साथ अशोभनीय हरकत की। विरोध करने पर गाली-गलौज की गई और परिवार के अन्य लोगों ने मारपीट की।

महिला का आरोप है कि सास इशरत जहां, पति अमीन वासिद तथा अरशद समेत अन्य लोगों ने भी उसके साथ दुर्व्यवहार किया। उसके आठ माह के बच्चे के साथ अभद्रता करते हुए उसे और उसके पुत्र को जान से मारने की धमकी दी गई। साथ ही मोबाइल फोन तोड़ने का प्रयास भी किया गया।

सदफ परवीन ने अपने शिकायती पत्र में ससुर अब्दुल वाहिद, पति अमीन वासिद, सास इशरत जहां व अरशद सहित अन्य परिजनों को नामजद करते हुए निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता का कहना है कि वह लगातार मानसिक तनाव में है और उसे अपनी तथा अपने बच्चे की सुरक्षा की चिंता सता रही है।

एसएसपी से शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours